रोसयाबाजार। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक रक्षक दल के तत्वावधान में शुक्रवार को चंद्रभान सिंह इंटर कॉलेज शंकरपुर में चल रहे दो दिवसीय ब्लॉकस्तरीय ग्रामीण खुली खेल कूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। लंबी कूद और कुश्ती में आंचल और ऊंची कूद में संजना विजेता रहीं।
प्रतियोगिता में एथलेटिक्स तथा वॉलीबाल, कबड्डी, कुश्ती, दौड़, ऊंची और लंबी कूद आदि की प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिता में 100, 200, 400 मीटर दौड़ में जूनियर के आंचल और संजना प्रथम और जावेद ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं ऊंची कूद में संजना प्रथम स्थान और आंचल को दूसरा स्थान मिला। वाॅलीबाल सीनियर में बछईपुर और जूनियर में शंकरपुर ने फाइनल जीता। कबड्डी में जूनियर चकिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का समापन प्रधानाचार्य राजेश कुमार पांडेय ने बच्चों को पुरस्कृत किया। कहा कि प्रतियोगिता में कोई हारता है तो कोई जीतता है। हारने वाले को निराश नहीं होना चाहिए। उसे आगे और मेहनत करना चाहिए। इस अवसर पर राघवेंद्र बहादुर पाल, सुनील सिंह, रामअधीन पाण्डेय, महेश्वरी प्रसाद श्रीवास्तव, रामनिवास यादव, श्यामू पासवान, बलवंत सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।