धनघटा/संतकबीरनगर। महुली क्षेत्र के भिनखिनी खुर्द के टोला केवटहिया में शुक्रवार की शाम को बहू से नजदीकी के शक में ससुर ने बाकी से युवक का गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस गांव के शिव लखन निषाद का आरोप है कि उसके 28 वर्षीय बेटे रमेश निषाद का गांव के जुगानी के घर अक्सर आना-जाना था। जुगानी के पिता 65 वर्षीय मुराली निषाद को शक था कि बहू का उनके बेटे रमेश से नजदीकी है। आरोप है कि उसी शक में मुराली को उनके बेटे से चिढ़ थी। शुक्रवार की शाम पांच बजे उनके बेटे रमेश से मुराली की कुछ कहासुनी हुई। आरोप है कि मुराली ने बाकी से उनके बेटे के गले पर प्रहार करके घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। वह घायल बेटे को हरिहरपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। घटना से उनके परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना पर प्रभारी एसओ शैलेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए। प्रभारी एसओ ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया आशनाई के चक्कर में हत्या की बात सामने आई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा जा रहा है। पीड़ित परिजनों की तरफ से जैसे ही तहरीर मिलेगी, वैसे ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।