छत के कुंडे से लटककर युवक ने की खुदकुशी
शहर के गोला बाजार के रहने वाले युवक ने उठाया आत्मघाती कदम
मां की तबीयत खराब होने से पत्नी गई थी मायके
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के गोला बाजार निवासी एक युवक शनिवार को अज्ञात कारणों से घर के अंदर छत के कुंडे से रस्सी का फंदा बनाकर लटक गया। परिजनों ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे आनन-फानन नीचे उतरवा कर जिला अस्पताल भेजवाया, जहां देखते ही डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी कोतवाल अवधेश पांडेय ने बताया कि गोला बाजार निवासी 40 वर्षीय प्रदीप अग्रहरि पुत्र राम नारायन अग्रहरि शनिवार की सुबह अपने घर के कमरे में छत के कुंडे में रस्सी के सहारे लटक गया। परिजनों ने घटना देखकर शोर मचाया तो आस-पास के लोग पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला पाया गया। युवक के जरिए आत्मघाती कदम उठाने की वजह परिजन नहीं बता पाए। युवक की पत्नी कुसुमलता अपनी मां की तबीयत खराब होने की वजह से कुछ दिन पूर्व ही मायके चली गई थी। मृतक के दो बेटे छह साल का आयुष और डेढ़ साल का आर्यांश है। युवक की मौत की वजह को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।