घर के छत पर सामान लेने गया था, उसी दौरान पास से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया
पीड़ित परिजनों ने बिजली निगम पर लगाया लापरवाही का आरोप
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास पर बृहस्पतिवार को घर की छत पर गए एक युवक की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, युवक के परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मेंहदावल बाईपास चौराहा निवासी राहुल मोदनवाल (28) पुत्र कृष्ण मोहन मोदनवाल वर्ष की बाईपास पर मिठाई की दुकान है। राहुल दिन में किसी काम से छत पर गया। उसी दौरान छत के बगल से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि तार लटक रहा था। इसकी वजह से करंट ने उसे खींच लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
राहुल के पिता कृष्ण मोहन मोदनवाल ने बताया कि बिजली निगम के संबंधित व्यक्तियों को हाईटेंशन तार ठीक कराने के लिए पूर्व में सूचना दी थी। विगत एक वर्ष पूर्व इसी स्थान पर एक व्यक्ति की मृत्यु बिजली निगम की लापरवाही के कारण हो चुकी है। बिजली निगम अधिकारी उक्त सूचना पर कोई संज्ञान नहीं लिया और न ही 11 हजार वोल्ट के तार को सही किया। उन्होंने कहा कि बिजली निगम की लापरवाही से उनके बेटे की मौत हुई है।
उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर विद्युत निगम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना था कि बेटा राहुल ही कमाऊ था। उनके पास आय का दूसरा स्रोत नहीं है।
युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाल ब्रजेंद्र पटेल ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।