मेंहदावल। क्षेत्र में एक युवती को उधार दिए 15 हजार रुपये मांगने पर आरोपितों ने गाली-गलौज व मारपीट के बाद ईंट से हमला कर घायल कर दिया। आरोप है कि मारपीट के बाद इलाज कराने का आश्वासन देने वाले आरोपी अब मुकर गए हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज किया है। मामला मेंहदावल थाना क्षेत्र के मोहल्ला राजावारी का है। पीड़िता की मां झिनका पत्नी सुनील ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री सोनी ने कुछ समय पहले मोहल्ला पक्का पोखरा निवासी राकेश पुत्र स्व. शेषनाथ को 15 हजार रुपये उधार दिए थे। कुछ दिन पूर्व वह रुपये मांगने राकेश के घर गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर राकेश, उसका भाई रवि पुत्र शेषनाथ व मां जगमती पत्नी शेषनाथ ने सोनी को गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध पर तीनों ने उसे पीटा और ईंट से हमला कर दिया। ईंट लगने से सोनी के सिर में गंभीर चोट आई। आरोपितों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तीनों नामजद आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।