पुल से युवक के कूदने के बाद मौके पर जमा भीड़ । संवाद
मेंहदावल। कैंपियरगंज और मेंहदावल की सरहद पर स्थित राप्ती नदी पर बने करमैनी पुल से रविवार को सुबह आठ बजे एक युवक बाइक खड़ी कर नदी में छलांग लगा दी। पुलिस ने पहले मछली पकड़ रहे मछुआरों और फिर एनडीआरएफ की मदद से युवक की तलाश शुरू किया, लेकिन उसका का पता नहीं चला। जबकि बाइक मौके पर खड़ी मिली।
जानकारी के अनुसार एक राहगीर ने करमैनी पुलिस चौकी पर राप्ती नदी में एक युवक के कूदने की सूचना दी। पुलिस टीम एनडीआरएफ की मदद से दिन भर युवक की तलाश करती रही लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली। वहीं पुल पर खड़ी बाइक के आधार पर नदी में छलांग लगानेे वाले युवक की पहचान जयहिंद यादव (25) पुत्र संतराम, निवासी शिवपुर करमहवा थाना कैंपियरगंज जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। मामले की जानकारी मिलने पर पहुंचे युवक के पिता संतराम यादव और भाई धर्मेंद्र यादव ने बताया कि युवक मानसिक रूप से बीमार है, उसका इलाज चल रहा था।
नौकरी न पाने के कारण अवसाद ग्रसित हो गया है। प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभी तक युवक का पता नहीं चल सका है।