संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं की जांच करने के लिए शनिवार को दो सदस्यीय राज्य की सुपरविजन टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सेमरियावां की स्वास्थ्य सेवाएं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
राज्य स्तरीय टीम के रमेंद्र त्रिपाठी और अभय नारायन मिश्रा शनिवार को सेमरियावां सीएचसी पहुंचे। इस दौरान टीम ने चिकित्साधिकारी कक्ष, प्रसव पूर्व जांच कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, नेत्र जांच कक्ष, औषधि कक्ष, ओपीडी, दंत स्वास्थ्य विज्ञानी कक्ष, ट्रू नेट टेस्ट सेंटर, पैथोलॉजी, पट्टी कक्ष, प्रसूता कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, एक्स-रे, पैथाेलॉजी और दवा वितरण काउंटर, दवा पर्ची, ओपीडी का जायजा लिया।
इस दौरान दवाओं की उपलब्धता की जांच की गई। ओपीडी में टीम ने मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रहे इलाज की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। जिस पर मरीजों ने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान लोगों ने टीम से अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ और अल्ट्रासाउंड मशीन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। राज्य स्तर की टीम जिले में 21 से 23 फरवरी तक स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को परखेगी।
टीम ने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों, सफाई व्यवस्था, वार्डों की स्थिति और मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं का बिंदुवार निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन क्षेत्रों की पहचान की गई जहां मरीजों के बेहतर उपचार के लिए सुधार की आवश्यकता है।
इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डाॅक्टर सुरेश चंद्र, डाॅ. जावेद अख्तर, डाॅ. तौहीद, आईओ मो. कौसर खान, फार्मासिस्ट अफजाल अहमद, बीपीएम राजेश पांडेय, अब्दुल कलाम आदि मौजूद रहे।