धनघटा। नाथनगर ब्लाॅक के ग्राम पंचायत भैसही उर्फ भैसवरिया गांव निवासी सुनील कुमार यादव ने डीएम को शिकायती पत्र देकर निर्माणाधीन सड़क कार्य में खामियां बरतने और एक तरफ बढ़ाकर निर्माण करने का आरोप लगाया था। शनिवार को बीडीओ द्वारा गठित तीन सदस्यीय टीम गांव पहुंची। कार्य स्थल का निरीक्षण कर मानक की जांच की।
टीम ने प्रधान को बताया गया कि भूमि पैमाइश कराकर या फिर कृषकों में आपसी सामंजस्य स्थापित कराकर कार्य को शुरू कराया जाएगा। टीम अपनी रिपोर्ट बीडीओ को देगी। जिसे आगे उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। आरोप था कि कुशहवा-हरदी मार्ग पिच मार्ग से भैसही उर्फ भैसवरिया को जोड़ने के लिए ग्राम पंचायत से सीसी रोड का कार्य शुरू हुआ है। लेकिन दक्षिणी छोर के किसानों की अधिक भूमि ली गई है। जबकि उत्तरी छोर मानक के अनुरूप भूमि नहीं ली गई, जो नियम विरुद्ध है। जांच कर दोनों छोर की एक बराबर भूमि पर कार्य कराया जाए।
डीएम के निर्देश पर बीडीओ विवेकानंद मिश्र ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की। सदस्य एडीओ आईएसबी अभय प्रताप सिंह, एपीओ मेराजुल हक और टीए अजय श्रीवास्तव गांव में जांच करने पहुंचे और गुणवत्ता की जांच किया। सड़क सकरी होने पर टीम ने प्रधान प्रतिनिधि संचित गुप्ता से सड़क के दोनों छोर एक बराबर भूमि मिलाकर सड़क कार्य बढ़ाने की बात कही। इसके लिए पैमाइश कराकर या फिर किसानों से सामंजस्य स्थापित कराकर निर्माण कार्य शुरू कराने की जानकारी दी।
इस मौके पर रंजीत गुप्ता, टीए अजय लाल श्रीवास्तव, बलवंत आदि मौजूद रहे।