धनघटा। क्षेत्र स्थित औटना गांव के निकट बुधवार को कुआनो नदी में स्नान करने गए किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम मुंडेरा शुक्ल निवासी अंश उर्फ हरिओम शुक्ला पुत्र नित्यानन्द शुक्ल के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मुंडेरा शुक्ल गांव निवासी नित्यानंद शुक्ला का इकलौता बेटा अंश उर्फ हरिओम शुक्ला (14) अपने साथी सूरज के साथ स्नान करने के लिए औटना गांव के उत्तर कुआनो नदी पर गया था। नहाते समय अंश नदी के गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख साथ गए सूरज ने शोर मचाया तो वहां मौजूद कुछ मछुआरे नदी में छलांग लगा दिए। काफी प्रयास के बाद मछुआरों ने किशोर को नदी से बाहर निकाला। किशोर को सीएचसी हैंसर लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।