देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के सोनहुआ गांव निवासी 2011 बैच के सिपाही राधेश्याम यादव पुत्र राजेंद्र यादव और भटनी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार गौड़ पुत्र महेंद्र प्रसाद गौड़ बस्ती जिले के छावनी थाने पर तैनात थे।
दोनों सिपाही सोमवार को गोरखपुर में शुरू होने वाले पुलिस जोन फुटबाल प्रतियोगिता में चयनित हुए थे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बस्ती पुलिस लाइन से रविवार को अपनी- अपनी रवानगी करा कर एक ही बाइक से दोनों सिपाही गोरखपुर जा रहे थे।
बाइक को सिपाही राधेश्याम यादव चला रहे थे। जबकि प्रमोद गौड़ पीछे बैठे थे। वे लोग कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बगहिया स्थिति टेलीफोन एक्सचेंज के पास पहुंचे थे।
उसी बीच बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। बाइक से सिर के बल गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पर प्रभारी कोतवाल दिनेश यादव, औद्योगिक नगर चौकी इंचार्ज जे एन तिवारी मौके पर पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाएं। जहां डॉक्टरों ने देखते ही सिपाही राधेश्याम यादव को मृत घोषित कर दिया।
जबकि घायल सिपाही प्रमोद कुमार गौड़ के पैर में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट लगने की बात बताते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बाद में खबर पर एएसएपी अशोक वर्मा, सीओ सदर आर के सिंह, बस्ती जिले के रुधौली सर्किल के सीओ एस एन सिंह, मुंडेरवा एसओ आर के राय ,चौकी इंचार्ज कलेक्ट्रेट अवधेश पांडेय आदि पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने घटना के बारे में जानकारी हासिल की।
प्रभारी कोतवाल दिनेश यादव ने बताया कि बस्ती पुलिस अधिकारियों के अलावा पीड़ित परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
घटना डिवाइडर से टकराने की वजह से हुई अथवा किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, इसकी जांच की जा रही है। शव को कब्जे में ले लिया गया है।