मुखलिसपुर में पंप नहर का शिलान्यास करते सिंचाई मंत्री-स्रोत सूचना
संतकबीरनगर/महुली। सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और धनघटा विधायक गणेश चंद चौहान ने रविवार को मुखलिसपुर स्थित चौधरी चरण सिंह निरीक्षण भवन के पुनरोद्धार परियोजना का लोकार्पण किया। यह भवन गंडक संगठन के ड्रेनेज खंड-दो के नियंत्रणाधीन है। इस दौरान सिंचाई मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अपराध, भय और भ्रष्टाचार मुक्त समाज की दिशा में लगातार काम हो रहा है।
सरकार महिलाओं और बेटियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी और लाभार्थीपरक योजनाओं को लेकर गांवों में चौपाल आयोजित की जाएगी।
इसमें आवास, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, पेंशन समेत अन्य योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। मंत्री ने लोगों से बच्चों को शिक्षित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ अच्छा व्यवहार करें और उन्हें महापुरुषों की जीवन गाथाएं सुनाएं, ताकि उनमें ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार विकसित हों। उन्होंने गांवों में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नाली, खड़ंजा, चबूतरा, तालाब या किसी की जमीन पर कब्जा न करें। कार्यक्रम में सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, मुख्य अभियंता गंडक विकास कुमार सिंह, केपी सिंह, अजय कुमार, एसडीएम वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, अभय मिश्रा आदि मौजूद रहे।