- कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र का मामला, प्राथमिकी दर्ज
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र निवासी युवती को शादी का झांसा देकर आरोपी ने शारीरिक शोषण किया। साथ ही उसकी अश्लील वीडियो बना लिया और फिर बाद में शादी से मुकर गया। पुलिस ने युवती की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि पुलिस को दिए अपने प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने जानकारी दिया कि गोरखपुर जनपद के बेलघाट थाना के जैती गांव निवासी राहुल के भाई की ससुराल उसके गांव में है। युवती ने बताया कि राहुल के भाई की पत्नी सोनी के माध्यम से उसकी मुलाकात राहुल से हुई थी। जिसके बाद वह राहुल से बातचीत करने लगी।
युवती का आरोप है कि बीते 20 दिसम्बर को राहुल और सोनी शादी का झांसा देकर उसको भगाकर जैती लेकर गए। वहां से राहुल के साथ राजस्थान भेजवा दिए। जहां वह पांच दिन राहुल के साथ रही। इसी बीच राहुल ने उनके साथ शारीरिक संबंध भी बनाया। साथ ही अश्लील वीडियो भी बना लिया। युवती का आरोप है कि जब वह शादी की बात की तो राहुल ने गाली देकर मारपीट कर घर से भगा दिया। आरोप है कि, इसकी शिकायत करने पर युवती व उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी। युवती ने बताया कि इस बीच उसकी शादी दूसरे जगह तय हो गई। जिस पर आरोपी राहुल फोन कर अश्लील वीडियो दिखाकर वायरल करने की धमकी देने लगा। कोतवाल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।