ब्लॉक मुख्यालय से बिसौवां होते हुए धानी तक जाने वाले रास्ते पर बिसौवां गांव के उत्तरी छोर पर सड़क के बीचोबीच एक बड़ा गड्ढा बन गया है। इससे इस रास्ते से होकर आवागमन करने में राहगीरों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिसको लेकर पीडब्ल्यूडी के प्रति क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने इसके लिए प्रशासन से मार्ग को ठीक करवाने की मांग करते हुए आंदोलन करने की भी चेतावनी दी।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुभाष पांडेय के अगुवाई में लालजी साहनी, दीपक पांडेय, राजराम, दिवाकर, संतोष कुमार, संतराम यादव, शिवशंकर साहनी, भीमशंकर, विनोद चौरसिया, महेश साहनी, कमलेश आदि लोगों ने बताया कि यह गड्ढा सड़क के बीचोबीच ही स्थित है। इससे चार पहिया वाहनों के साथ पैदल व दो पहिया वाहन चालकों को ढेर सारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन ही इस गड्ढे में एक न एक हादसा होता रहा है। इन लोगों ने कहा कि शनिवार को तो एक ट्रक के गड्ढे में फंस जाने से इस पर आवागमन तो पूरा दिन ही थम गया था। इन लोगों ने कहा कि इस गड्ढे को भरवाने और सड़क के कई जगहों पर बने छोटे-बड़े गड्ढों को ठीक करवाने की मांग की गई, लेकिन विभाग व प्रशासन आज तक इस विषय पर नहीं चेता। ऐसे में लग रहा है कि इसके लिए धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।