प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी युवती
धनघटा(संतकबीरनगर)। क्षेत्र के एक गांव की युवती शुक्रवार को धनघटा थाने पर पहुंची। वह प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ गई। जबकि युवती के परिजन ऐसा नहीं चाहते हैं। जब वह नहीं मानी तो पिटाई कर बाइक पर बैठाकर घर ले गए। युवती की पिटाई थाना परिसर से गेट तक होती रही और पुलिस मूक दर्शक बनी रही।
गांव वालों का कहना है कि 19 वर्षीय युवती और गांव के 22 वर्षीय युवक के बीच संबंध है। युवती के पिता विदेश में रहते हैं। घर पर मां बेटा और बेटियों के साथ रहती है। युवती ने प्रेमी से शादी करने का प्रस्ताव जब परिजनों के सामने रखा तो उसे डांट फटकार कर दोबारा इस तरह की बात न करने की हिदायत दी।
बात बनती न देख युवती शुक्रवार को प्रेमी से शादी कराने की फरियाद लेकर धनघटा थाने पर पहुंच गई। थाने पर पुलिसकर्मी उससे जानकारी हासिल कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच उसका भाई और एक अन्य व्यक्ति के साथ पहुंच गया। युवती की पिटाई करते हुए थाना गेट पर लाकर बाइक पर बैठाकर चले गए। बचाव के लिए युवती शोर मचाती रही, लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। एसओ केडी सिंह ने इस तरह की किसी भी घटना से इन्कार किया है।