संतकबीरनगर। जनपद से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रात के समय होटल-ढाबों और हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को चोर निशाना बना रहे हैं। खासतौर पर मगहर, खलीलाबाद, भुजैनी और टेमा-रहमत क्षेत्र में ट्रक चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
पुलिस की कार्रवाई में अब तक कई डीजल चोर पकड़े जा चुके हैं लेकिन गिरोहों की सक्रियता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। यह पिकअप से रेकी करते हैं और वाहनों के लॉक तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी रखते हैं।
जानकारी के अनुसार 25 अगस्त की रात कुशीनगर से सीमेंट लेकर आ रहे ट्रक चालक श्रवण सोनी ने खलीलाबाद के भुजैनी चौराहे के पास हाईवे किनारे ट्रक खड़ा किया। देर रात चोरों ने ट्रक के फ्यूल टैंक से डीजल निकाल लिया। चालक की शिकायत पर कोतवाली खलीलाबाद में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
पुलिस के अनुसार 28-29 अगस्त को एक सूचना पर टीम ने जिगना चौराहे के पास घेराबंदी कर हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले दो आरोपियों राहुल पासवान निवासी देवरिया और बबलू उर्फ रामजतन निवासी गोरखपुर को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 20 लीटर चोरी का डीजल और तेल निकालने में इस्तेमाल होने वाला पाइप बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।
-
पिकअप से घूम रहे चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा था
इससे पहले भी संतकबीरनगर पुलिस हाईवे पर सक्रिय डीजल चोर गिरोह का खुलासा कर चुकी है। मंझरिया के पास पुलिस ने पिकअप से घूम रहे चार आरोपियों को पकड़ा था। उनके पास से 50 लीटर चोरी का डीजल, नकदी और वाहनों के लॉक तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए थे। पुलिस की जांच में सामने आया था कि गिरोह रात में हाईवे पर खड़े वाहनों की रेकी करने के बाद मौका मिलते ही डीजल निकाल लेता था।
-
गोरखपुर-देवरिया-कुशीनगर तक फैला नेटवर्क
हाईवे पर डीजल चोरी की घटनाओं में आसपास के जिलों के शातिरों की संलिप्तता भी सामने आ रही है। पुलिस की कार्रवाई में गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर क्षेत्र से जुड़े आरोपियों के पकड़े जाने के बाद गिरोहों के नेटवर्क की जांच की जा रही है। आशंका है कि अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय छोटे गिरोह आपस में संपर्क में रहकर वारदात को अंजाम देते हैं।
-
रात में ट्रक खड़ा करना चुनौती
लंबी दूरी के चालक अक्सर नींद और थकान के कारण होटल-ढाबों के आसपास या हाईवे किनारे ट्रक खड़ा कर देते हैं। इसी का फायदा चोर उठाते हैं। चालक के सो जाने के बाद गिरोह के सदस्य पाइप के जरिये फ्यूल टैंक से डीजल निकालकर फरार हो जाते हैं। सुबह वाहन चलाने के दौरान तेल कम होने पर चालकों को चोरी की जानकारी होती है।
-
फरवरी में भी पकड़ा गया था अंतरराज्यीय गिरोह
फरवरी 2026 में भी पुलिस ने हाईवे और संपर्क मार्गों पर सक्रिय अंतरराज्यीय वाहन चोर व तस्करी गिरोह का खुलासा किया था। बघौली ब्लॉक पुल के पास हुई कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चोरी के वाहन, करीब पांच लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान बरामद किए गए थे। पुलिस अब हाईवे पर होने वाली चोरी की घटनाओं को लेकर पुराने मामलों में पकड़े गए आरोपियों और हाल में गिरफ्तार किए गए संदिग्धों के बीच कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
हाईवे पेट्रोलिंग, यूपी 112 व स्थानीय चौकी पुलिस को आपसी समन्वय स्थापित कर गश्त करने व पेट्रोलिंग बढ़ाने के लिए आदेश दिए गए हैं। पुलिस लगातार चोरों पर नकेल कसने के लिए कार्रवाई कर रही है, जिससे ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकें।
-प्रियम राजशेखर पांडेय, सीओ, खलीलाबाद