पूर्व प्रधान और रोजगार सेवक के बीच कहासुनी
हैंसर ब्लाक के बरपरवा गांव का मामला, आडिट अधूरा छोड़ लौटे जिम्मेदार
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। विकास खंड हैंसर बाजार के बरपरवा गांव में मंगलवार को सोशल आडिट के दौरान ही विकास कार्य को लेकर पूर्व प्रधान और रोजगार सेवक आपस में भिड़ गए। विवाद गहराते देख आडिट करने पहुंची टीम वापस लौट गई। गांव के कुछ संभ्रांत लोगों ने समझा बुझाकर दोनों पक्ष के लोगों को शांत कराया।
मंगलवार को हैंसर के बरपरवा गांव में सोशल आडिट होनी थी। आडिट टीम के ब्लॉक कोआर्डिनेटर अमृत बाला ने दोपहर बाद गांव के ही परिषदीय विद्यालय पर ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की समीक्षा शुरू की। इसी बीच पूर्व प्रधान ने गांव में हुए विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गांव में कई ऐसे कार्यों का भुगतान ले लिया गया है जो हुए ही नहीं हैं। इस पर रोजगार सेवक ने कहा कि यदि ऐसा है तो जांच करा लिया जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। मामला तूल पकड़ते देख जांच अधिकारी अमृत बाला उठकर चली गईं। ग्राम प्रधान और गांव के कुछ लोगों ने बीच बचाव किया तब जाकर मामला शांत हुआ। पूर्व ग्राम प्रधान रत्नाकर सिंह का आरोप है कि गांव में कई ऐसे कार्यों का भुगतान किया गया है जो हुए ही नहीं हैं। सोशल आडिट में उसी के बारे में पूछा गया तो रोजगार सेवक भड़क गईं। वहीं रोजगार सेवक दुर्गावती सिंह ने कहा कि शिकायतों की जांच कराने की बात पर पूर्व प्रधान अभद्रता पर उतारू हो गए।