-दुधारा थाना क्षेत्र के गातूखोर गांव में बच्चों के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के गातूखोर गांव में बच्चों के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट की हो गई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसओ दुधारा अरविंद शर्मा ने बताया कि पीडि़त मोहम्मद उमर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 जनवरी को देर शाम लगभग 7:00 बजे बच्चों के विवाद में विपक्षी सई मोहम्मद, बबलू, सई मोहम्मद की पत्नी व बबलू की पत्नी उनके दरवाजे पर आईं और गाली गलौज करने लगीं। मना करने पर मुक्का व डंडे से मार-पीट करने लगे। इसे देखकर बचाव में आई पत्नी व पोती को भी काफी मारापीटा। उन्हें काफी चोटें आई हैं। वह हार्ट के मरीज हैं और अंदर मशीन लगी है। शोरशराबा सुनकर तमाम लोगों ने बीच-बचाव किया।
इसके बाद आरोपी जानमाल की धमकी देकर चले गए। एसओ ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
-
मारपीट के मामले में चार पर प्राथमिकी दर्ज
संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के सिकरी उर्फ अमहवा गांव में मामूली विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने तहरीर मिलने पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसओ बखिरा सतीश कुमार सिंह ने बताया कि सिकरी उर्फ अमहवा गांव निवासी आरती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 जनवरी की रात लगभग 8:00 बजे मामूली विवाद के बाद गांव के आशीष, शिखा, मुकेश व विमलावती देवी उन्हें व उनकी बेटी को गालियां देते हुए लात घूंसा व लाठी-डंडा से मारापीटा। घटना देखकर बचाव में आई छोटी बेटी को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया और सभी को जानमाल की धमकी दी। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर उक्त आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद
दो पक्षों में मारपीट, तीन पर रिपोर्ट दर्ज
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के बडगो अंसार टोला में दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि बडगो अंसार टोला निवासी सहीदुन्निशा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 जनवरी को दिन में लगभग 1:00 बजे उनके गांव के सर्वजीत यादव व उनके लड़के राजन व साजन पुराने विवाद की रंजिश को लेकर उनके बेटे मकसूद अहमद को गालियां देते हुए लाठी-डंडा व लात-घूंसा से मारने पीटने लगे और जानमाल की धमकी दी। कोतवाल ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद
-
मारपीट में चार पर दर्ज हुई प्राथमिकी
संतकबीरनगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के भौरा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई। पुलिस पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामले में चार आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। एसओ मेंहदावल सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए शिकायती पत्र में भौरा गांव निवासी रामनरायन ने बताया कि 15 जनवरी को दोपहर 2:00 बजे के आसपास उनका भाई कृष्ण कुमार अपने घर से गांव जा रहा था। उसी दौरान घर से निकलते ही गांव का लड़का सोमनाथ व बादल आए और सोमनाथ ने पीछे से लोहे की राॅड से भाई के सिर पर प्रहार कर दिया। इससे भाई का सिर फट गया और वह गिर गया। भाई के गिरने पर दोनों उसे गालियां देते हुए मारते-पीटते रहे। जब वह उनके घर शिकायत करने गए तो सोमनाथ की मां सुभावती व सतेंद्र गाली देते हुए हाथ-पैर तोड़ने की धमकी देने लगे। एसओ ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर उक्त आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।