सेमरियावां। वृद्धावस्था पेंशन के लिए अब वृद्धजनों की राह आसान नहीं रहेगी। अभी तक आधार कार्ड में दर्ज उम्र के आधार पर वृद्धजनों को पेंशन मिल जाती थी। वहीं 31 अक्तूबर 2025 को जारी फरमान में नए बदलाव कर दिए गए हैं। नए लाभार्थियों को पेंशन का लाभ लेने के लिए अपनी उम्र के तकाजे के लिए आधार कार्ड की जगह परिवार रजिस्टर की नकल और शैक्षिक अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे।
इन दस्तावेजों के न होने पर उनके लिए वृद्धावस्था पेंशन का फायदा घाटे में तब्दील हो सकता है। सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायत हैं। इनमें लगभग 9469 महिला और पुरुष वृद्धजनों को पेंशन का लाभ मिल रहा है, जबकि आवेदन के बाद बहुत से लाभार्थियों को पहली किस्त और सैकड़ों वृद्धों को रुकी हुई किस्त आने का इंतजार है। इसी बीच 12 मार्च 2026 को अपर मुख्य सचिव की ओर से सभी मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को जारी पत्र ने नए पेंशन धारकों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। आधार के बेस पर अपनी उम्र का सर्टिफिकेट देकर वृद्धावस्था पेंशन की उम्मीद लगाए बैठे या फिर नए आवेदन करने की सोच रहे वृद्धजनों को आधार कार्ड की जगह आयु की प्रमाणिकता के लिए शैक्षिक अभिलेख या परिवार रजिस्टर की नकल लगानी होगी। नए नियम के फेर में शैक्षिक योग्यता वाले वृद्धजनों की संख्या काफी कम है। ऐसे में उनको परिवार रजिस्टर की नकल पेश करनी होगी। रुके हुए लाभार्थियों को पेंशन की किस्त देने के लिए बजट का इंतजार है, लेकिन नए पेंशन लाभार्थी को अब उम्र की प्रमाणिकता के लिए परिवार रजिस्टर और शैक्षिक अभिलेखों की अनिवार्यता को पूरा कराना होगा।
वर्तमान व्यवस्था में वृद्धावस्था पेंशन को आवेदन के लिए आवेदन की आयु में परिवार रजिस्टर और शैक्षिक प्रमाणपत्र जिसमें जन्मतिथि दर्ज हो वह अब देना होगा।
0000000000000000000
पुराने पेंशन धारकों की जैसे पेंशन आ रही है वह उसी तरह से आती रहेगी। इसके अलावा जो नए वृद्धजन पेंशन के हकदार बनने की आस लगाए हैं, उन्हें अपनी उम्र की प्रमाणिकता को आधार की जगह परिवार रजिस्टर की नकल और शैक्षिक दस्तावेज, जिसमें जन्मतिथि दर्ज, उसे लगाने होंगे। आधार को आयु की प्रमाणिकता के लिए अमान्य करार किया गया है।
-अजय कुमार, एडीओ, समाज कल्याण, सेमरियावां