मथौली। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर पकड़ी मदरहा गांव के पास शनिवार देर रात सड़क किनारे खड़ी कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में कार आग की लपटों से घिर गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
खैरेटवा गांव निवासी अनिल कुमार सिंह शनिवार देर रात अपनी ससुराल पकड़ी मदरहा आए थे। उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और चले गए। कुछ देर बाद कार से धुआं निकलने लगा। यह देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, कार आग की लपटों से घिर गई।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस संबंध में एसओ धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस को मौके पर भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है।