संतकबीरनगर। बोर्ड परीक्षा केंद्रों को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नई गाइड लाइन जारी की है। जिसमें प्रबंधक-प्रधानाचार्य के विवाद में फंसे विद्यालयों को किसी भी हालत में परीक्षा केंद्र न बनाने का निर्देश दिया गया है। परिषद ने साफ-सुथरे छवि वाले विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाने पर जोर दिया है।
बोर्ड परीक्षा केंद्रों को लेकर परिषद कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है। इसीलिये रोज नए-नए फरमान जारी किए जा रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने यह साफ कर दिया है कि जो भी विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए जायं वे साफ-सुथरी छवि के हाें, इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाते समय हर पहलू की जांच की जाए। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने निर्देश दिया है जिन विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के मध्य विवाद हो उसकी जांच की जाए। उन विद्यालयों को किसी भी हालत में परीक्षा केंद्र न बनाया जाय। किसी कारणवश परीक्षा केंद्र बनने के बाद विवाद की स्थित उत्पन्न होती है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक की होगी और उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्रबंधकीय और प्रधानाचार्य के विवाद में फंसे स्कूलाें को परीक्षा केंद्र न बनाने का निर्देश दिया है। परीक्षा केंद्र बनाते समय हर पहलू की जांच की जाएगी। परिषद के निर्देशों का हर हाल में पालन कराया जाएगा।
श्रीवास्तव, डीआईओएस