सचल दस्ते से अभद्र व्यवहार करने वाले कार्रवाई के दायरे में
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। पिछली बार की बोर्ड परीक्षा में अभद्र व्यवहार करने वाले परीक्षा केंद्रों को इस बार बोर्ड परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। सचल दस्ता, शिक्षा विभाग सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों से अभद्र व्यवहार करने वाले विद्यालय इस दायरे में शामिल किए गए है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर नई गाइड लाइन जारी की है।
बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। इसको सकुशल संपन्न कराने को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने गाइड लाइन जारी किया है। जिसमें यह कहा गया है कि जिन परीक्षा केंद्रों पर विगत तीन वर्ष की परीक्षा के दौरान शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन के निरीक्षण के दौरान अथवा सचल दस्ते के साथ अभद्र व्यवहार किया गया हो उनकी सूची बना ली जाए। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर हिंसात्मक या आगजनी की घटनाएं हुई तो उन्हें भी चिह्नित कर लिया जाय। इन परीक्षा केंद्रों को किसी भी हाल में वर्ष 2015 की परीक्षा के लिए बोर्ड परीक्षा केंद्र न बनाया जाय। परिषद के सचिव ने कहा है कि इस आदेश का कड़ाई से पालन कराना सुनिश्चित किया जाय।
बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर गाइड लाइन जारी कर दिया है। अभद्र व्यवहार करने वाले परीक्षा केंद्रों को चिह्नित किया जाएगा। बोर्ड के निर्देशानुसार ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।
संध्या श्रीवास्तव, डीआईओएस