संतकबीरनगर। 16 जून से शुरू होने वाली बीएड की काउंसिलिंग नौ चरणों में होगी। काउंसिलिंग के लिए 15 कंप्यूटर और 40 कर्मचारी लगाए गए है। एचआरपीजी कॉलेज को काउंसिलिंग के लिए केेंद्र बनाया गया है। काउंसिलिंग में आने वाले अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के बैठने और पानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। काउंसिलिंग के सह प्रभारी डॉक्टर पूर्णेश नारायण सिंह ने बताया कि 16 जून से काउंसिलिंग शुरू होगी। प्रथम चरण में टोकन आवंटन होगा। द्वितीय चरण में शैक्षणिक अभिलेखों तथा प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया जाएगा। तृतीय चरण में काउंसिलिंग शुल्क जमा होगा। चतुर्थ चरण में आवंटित होने वाले महाविद्यालय के लिए डिमांड ड्राफ्ट जमा किया जाएगा। पंचम चरण में पिन आवंटन होगा। छठवां चरण में अभ्यर्थी इच्छानुसार महाविद्यालय का चयन करेंगे और लॉक करेंगे। उन्होेंने बताया कि सातवें चरण में वरीयता तथा प्रवेश परीक्षा के आधार पर मेरिट सूची के आधार पर महाविद्यालय का आवंटन किया जाएगा। आठवें चरण में बकाया शुल्क जमा होेगा। नवें चरण में आवंटित महाविद्यालयों में अभ्यर्थियों की उपस्थित होगी। उन्होेंने बताया कि काउंसिलिंग में प्रमाण पत्रों की जांच के लिए 40 कर्मचारियों की डयूॅटी लगाई गई है। इसके अलावा 15 कंप्यूटर लगाए गए है। उन्होंने बताया कि काउंसिलिंग के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। पहले चरण में एक से पांच हजार रैंक तक के अभ्यर्थियाें की काउंसिलिंग होगी।