संतकबीरनगर। रविवार की देर शाम को 100 नंबर पर कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की मिली सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंच मच गया। सिविल पुलिस, जीआरपी और रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी सकते में आ गए। ट्रेन के बोगियों की सघन चेकिंग हुई। जिससे यात्री भी सहम गए। पुलिस की जांच पड़ताल में सूचना गलत निकली। पुलिस ने गलत सूचना देकर अफवाह फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल बब्बन यादव ने बताया कि रविवार की शाम 8.20 बजे मोबाइल से अज्ञात शख्स ने 100 नंबर पर सूचना दिया कि गोरखपुर से मुंबई जा रही कुशीनगर एक्सप्रेस कीजनरल बोगी में कुछ लोगों ने बम रख दिया है। बम रखने वाले गोंडा स्टेशन के बीच ट्रेन को उड़ा देेने की बात कर रहे हैं। सूचना कोतवाल के सरकारी सीयूजी नंबर पर भी मिली। जीआरपी चौकी खलीलाबाद के इंचार्ज राकेशचंद्र आनंद ने भी घटना के बावत उन्हें जानकारी देते हुए कुशीनगर ट्रेन का लोकेशन बस्ती स्टेशन से आगे होने की सूचना दी। कोतवाल ने ट्रेन की चेकिंग कराने की सूचना तत्काल प्रसारित कराया और उच्चाधिकारियों के साथ सर्विलांस सेल को उक्त मोबाइल नंबर को ट्रेस करने को कहा। कोतवाल ने बताया कि मनकापुर और गोंडा के बीच ट्रेन की चेकिंग हुई। जांच पड़ताल में ट्रेन में बम होने की सूचना गलत निकली। गलत सूचना देकर अफवाह फैलाने वाले युवक को पकड़ लिया गया है। पूछताछ में पकडे़ गए युवक की पहचान बिहार प्रांत के गोपालगंज जनपद के विजयीपुर थाना क्षेत्र के अघैला गांव निवासी सत्य प्रकाश मिश्र के रुप में हुई। पकडे़ गए युवक के पास से मोबाइल और शराब भी मिली। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मुंबई में इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। पकडे़ गए युवक के खिलाफ गलत सूचना देकर अफवाह फैलाने और सेवन क्रिमिनल एमंडमंड एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पकडे़ गए आरोपी से आईबी, एलआईयू और जीआरपी ने भी पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ट्रेन को बम से उड़ा देने की चर्चा करनेे वाले युवकों ने उसे खलीलाबाद स्टेशन पर ट्रेन से नीचे ढकेल दिया था और 700 रुपये भी छीन लिए थे। बाद में वह पैसेंजर ट्रेन से गोंडा जीआरपी थाने पर खुद गया था।