संतकबीरनगर। नव निर्मित जिला अस्पताल का खुद का अपना विद्युत फीडर होगा। शासन ने इसके लिए 2.36 करोड़ रुपया पूर्वांचल विद्युत वितरण लिमिटेड बनारस को जारी किया है। सीएमओ ने विभाग को पत्र जारी कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की पहल की है।
जनपद में जिला अस्पताल का निर्माण हो रहा है। नवनिर्मित जिला अस्पताल में विद्युत व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए शासन ने अस्पताल परिसर में खुद का विद्युत फीडर स्थापित करने का निर्देश दिया है। जिससे आने वाले मरीजों को बिजली आदि की समस्या से परेशान न होना पड़े। लो वोल्टेज की समस्या से विभाग में स्थापित जांच मशीनों को चलाने में कठिनाई होती है। फीडर स्थापित होने से लो वोल्टेज आदि की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा। स्वास्थ्य महानिदेशक ने सीएमओ को पत्र भेज कर अवगत कराया है कि विद्युत फीडर के मद में शासन ने 2.36 करोड़ रुपया जारी किया है। अवमुक्त धन को पूर्वांचल विद्युत वितरण लिमिटेड बनारस को जारी कर दिया है और तत्काल कार्य शुरू कराए जाने का निर्देश दिया है। विभाग से पत्र व्यवहार कर कार्य शुरू कराने की पहल करे। शासन का पत्र मिलने के बाद सीएमओ ने पूर्वांचल विद्युत वितरण लिमिटेड बनारस को पत्र लिख कर कार्य शुरू कराए जाने की पहल की है।
नवनिर्मित जिला अस्पताल में खुद का विद्युत फीडर स्थापित करने के लिए शासन ने 2.36 करोड़ रुपया पूर्वांचल विद्युत वितरण लिमिटेड बनारस को जारी किया है। विभाग को पत्र लिख कर तत्काल कार्य शुरू कराए जाने को कहा गया है।
-डॉक्टर बद्री विशाल, सीएमओ