संतकबीनगर। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जानने आए एडी हेल्थ डॉक्टर रामचंद्र ने विकास भवन सभागार में बुधवार को डॉक्टरों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कार्य में लापरवाही बरतने की बात सामने आने पर नाथनगर सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टरी मनीष कुमार वैद्य को हटाए जाने का निर्देश सीएमओ को दिया।
एडी हेल्थ ने कहा कि सरकार की मंशा है कि सभी नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मिले। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक प्रकार से करना होगा। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और प्रभावी बनाने के लिए आशा कार्यकर्ता और एएनएम को जागरूक रहने के निर्देश दिए। एनआरएचएम योजना में पारदर्शिता बनाए रखने की हिदायत देते हुए डॉक्टर रामचंद्र ने कहा कि इस योजना के तहत चलाए जा रहे स्वास्थ्य सेवाओं व सुविधाओं का लाभ ग्रामीणों को मिले इसकी निगरानी जरूरी है। इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। गांवों में लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने जिले में जननी सुरक्षा योजना का हाल जाना और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय का भुगतान 20 दिसंबर तक किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने नाथनगर सीएचसी पर तैनात चिकित्सा अधीक्षक को लापरवाही बरतने की रिपोर्ट पर कार्यवाई करते हुए सीएमओ को उन्हें हटाने का निर्देश दिया। इस दौरान सीएमओ डॉक्टर बद्री विशाल, डॉक्टर शंभू सिंह, डॉक्टर मासूमा खातून, डॉक्टर तारिक अहमद और सभी पीएचसी-सीएचसी प्रभारी मौजूद रहे।