संतकबीरनगर। जिला स्पोर्ट स्टेडियम में गुरुवार को सेंट थामस इंटर कॉलेज का वार्षिक क्रीड़ा समारोह मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉक्टर इंद्रवीर सिंह यादव रहे। विद्यालय के छात्रों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इस दौरान भाला फेंक, गोला फेंक, दौड़ आदि प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
जिलाधिकारी डॉक्टर इंद्रवीर सिंह यादव ने कहा कि स्वस्थ्य शरीर में ही स्वस्थ्य मस्तिष्क निवास करता है। खेल से ही बच्चों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे आज देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी। प्रतियोगिता में भाला फेंक, गोला फेंक और 100, 200, 400 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता हुई। जिसमें विजयी प्रतिभागियों के नामों की घोषणा बाद में करने की बात बताई गई। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी फरीदा सिद्दीकी, प्रधानाचार्य रेबरन फादर, उप प्रधानाचार्य फादर सिजो, अजि थामस, राजीव, अमित पाठक, पीजे जोसफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।