संतकबीरनगर। अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में एसपी ने कदम उठाया है। पुराने एसपी कार्यालय में औद्योगिक क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस चौकी स्थापित करने का निर्णय लिया है।
एसपी कार्यालय नए भवन में स्थांनातरित हो गया है। पुराना एसपी कार्यालय इंडस्ट्रीयल एरिया में था। अभी वहां एडिशनल एसपी का कार्यालय है। उसी क्षेत्र में तमाम औद्योगिक इकाईयां संचालित हो रही हैं। इसके अलावा विद्युत सब स्टेशन, मान्यवर कांशीराम शहरी आवास, हाट शाखा केंद्र, जल निगम विभाग का कार्यालय, स्टेट बैंक की शाखा और लीड बैंक का कार्यालय स्थापित है। मान्यवर कांशीराम शहरी आवास में आए दिन मारपीट और गलत हरकत की शिकायतें पुलिस तक पहुंचती है। इसके मद्देनजर यहां नई पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की रणनीति एसपी ने तय की है। एसपी पीयूष श्रीवास्तव के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र में वाच एंड वाच पुलिस चौकी जल्द ही स्थापित की जाएगी। पुराने एसपी कार्यालय में चौकी खुलेगी। एक चौकी इंचार्ज, एक हेड कांस्टेबल और छह कांस्टेबल की तैनाती की जाएगी। चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी वहीं निवास भी करेंगे। हाईवे के उत्तर के एरिया को औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस चौकी में रखा जाएगा।