संतकबीरनगर। विकास खंड बघौली के क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) सदस्यों ने शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) से मिले। सदस्यों ने ब्लॉक में तैनात एडीओ पंचायत पर अपने चहेतों को गोपनीय ढंग से टेंडर देने का आरोप लगाया है। बीडीसी सदस्यों ने टेंडर निरस्त करने की मांग की है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश राय, मुकेश कुमार सिंह, चन्द्र प्रकाश राय, घनश्याम यादव, नबी हुसैन, दशरथ, प्रदीप वर्मा, शाह आलम, नागेंद्र नाथ त्रिपाठी आदि का कहना है कि टेंडर के बारे में किसी भी सदस्य को कुछ पता ही नहीं है। ब्लॉक में तैनात एडीओ पंचायत ने अपने चहेतों को टेंडर दिलाने के लिए सब कुछ गोपनीय ढंग से आनन फानन में कार्य किया जो नियम विरुद्ध है। सदस्यों ने कर्मचारियों पर अभी भी बिना कार्ययोजना व बिल बाउचर के चेक काटने का भी आरोप मढ़ा और कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण शीघ्र नहीं किया गया तो हम लोग मजबूर होकर जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देंगे। सदस्यों ने टेंडर को निरस्त कर अधिकारियों से पारदर्शी ढंग से फिर से टेंडर कराने की मांग की है।