संतकबीरनगर। छठ पूजा के लिए डलिया में फल-फूल, ठेकुआ, मिठाई सिर पर लिए नंगे पांव सिंदूर भरे मांग और पवित्र वस्त्र में सजी श्रद्धालु महिलाएं और उनके सहयोगी पति, पुत्र, पुरोहित तथा अन्य परिवार के सदस्यसांझ होते ही निकटस्थ पवित्र नदियों और पोखरों के पास चल पड़े। ...कांच के बांस के बहिंगिया और सुनिलेहु अरज हमार हे छट्ठी मैया आदि गीत गातीं टोलियों ने पूजा स्थल पर पहुंच कर अलग-अलग जगह निर्धारित किए और पहला अर्घ्य दिया।
पूजा में माताआें, बहनों ने भगवान भाष्कर की पूजा के बाद घाट पर गन्ने के मंडप तले वेदी बनाकर छठ माता की पिंडी बनाकर उनकी अच्छत, फूल, सिंदूर आदि से पूजन किया। आरती उतारी और नैवेद्य के रूप में नारियल, फल-फूल, मिठाई, ठेकुआ आदि अर्पित किए। उसके बाद मनोवांछित वर मांगा। इस दौरान नगरपालिका के कर्मी, पुलिस प्रशासन के लोग उपस्थित रहे। खलीलाबाद में कोतवाली के उत्तर पोखरे पर, बिधियानी समय जी के मंदिर के पोखरे और शुगर मिल के कृत्रिम सरोवर पर भारी संख्या में लोगों ने अर्घ्य देकर पूजा अर्चना की।
ग्रामीण अंचलों में भी रही भीड़
बखिरा एवं मेहदावल प्रतिनिधि के अनुसार बचिरारा के भंगेश्वरनाथ मंदिर के पोखरे के जल में खड़ी होकर महिलाओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। मेंहदावल के कुबेरनाथ स्थान तथा राप्ती नदी के किनारे जोरवा, करमैनी, बेलौली में नदी के किनारे पूजा की गई। मगहर प्रतिनिधि के अनुसार नगर पंचायत मगहर में आमी नदी के किनारे साफ-सफाई कर व्यवस्था की गई थी। जहां चौकी इंचार्ज मशकूर आलम अपने हमराही पुलिसकर्मियाें के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे हुए थे। शिवमंदिर से उत्तर आमी के तट पर खड़ी व्रती महिलाओं ने अस्त होते सूर्य को जल अर्पित किए और छठ पूजा की। व्यवस्था में नगरपालिका के चेयरमैन अश्विनी कुमार गुप्त, अवधेश कुमार सिंह, रामशंकर यादव, रविप्रकाश, शिवानंद चंचल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। हरिहरपुर प्रतिनिधि के अनुसार नगरपंचायत के पोखरे और कठिनइया नदी के राजघाट पर महिलाओं ने छठ पूजा की। व्यवस्था में छठ पूजा समिति के चंदन सोनी, संजय गुप्त, महंथ, धनेश गुप्त लगे रहे।इसी प्रकार धनघटा तहसील के मुखलिसपुर में कुआनो नदी के किनारे और घाघरा नदी के बिड़हरघाट तथा अन्य घाटों पर श्रद्धालु महिलाओं ने छठ पूजा की।