संतकबीरनगर। कांटे पुलिस चौकी के पास हत्या कर फेंके गए महिला के शव की शिनाख्त गोरखपुर जिले के खोराबार थाना क्षेत्र के कजाकपुर गांव निवासी गुलईची देवी पत्नी रामकृपाल यादव के रूप में हुई है। शव की शिनाख्त की पुष्टि गुलईची के भाई उदयभान यादव ने की। उसने अपने बहनोई पर ही बहन की हत्या कर शव को यहां लाकर फेंक दिए जाने की आशंका जाहिर की है।
मृतका के भाई गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी उदयभान यादव पुत्र हरिवंश यादव ने बताया कि उसकी बहन गुलईची देवी की शादी 7-8 साल पहले खोराबार थाना क्षेत्र के कजाकपुर गांव निवासी रामकृपाल यादव पुत्र तीरथ यादव के साथ हुई थी। उसकी बहन के दो मासूम बच्चे हैं। उसका आरोप है कि उसकी बहन का बहनोई से संबंध ठीक नहीं था। उसके बहनोई का किसी दूसरी महिला के साथ नाजायज संबंध है। उसी कारण से संबंध ठीक नहीं होने की वजह से उसकी बहन उसके घर बेलवा गांव में रह रही थी। गत गुरुवार को उसकी बहन ने मां को बताया था कि उसके पति दवा कराने के लिए गोरखपुर जिले के ब्रह्मपुर बुला रहे हैं, वहीं जा रही हूं। रात 8.30 बजे तक जब बहन घर पर नहीं पहुंची तो उसकी मां ने मुझे फोन किया और बहन के घर न पहुंचने की जानकारी दी। दिल्ली से वह बहन की तलाश में घर आया। खोजबीन कर रहा था कि अखबारों में संतकबीरनगर के कांटे चौकी के पास एक महिला के शव मिलने की खबर पढ़ी। जिसमें शिनाख्त के लिए पहनावा आदि लिखा था। उसी के आधार पर वह यहां आया और फोटो और शव देखकर उसकी पहचान अपनी बहन गुलईची देवी के रूप में की।
उदयभान ने अपने बहनोई पर ही बहन की हत्या कर शव यहां लाकर फेंक दिए जाने का आरोप मढ़ते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। चौकी इंचार्ज कांटे रूदल यादव का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।