संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को शिक्षक अब खेल के माध्यम से अंग्रेजी, विज्ञान और गणित विषयों की जानकारी देंगे। जिले के तीन शिक्षकों को राज्य परियोजना कार्यालय ने प्रशिक्षण दिया है।
राज्य परियोजना कार्यालय ने परिषदीय विद्यालयोें में बच्चों की पढ़ाई में रुचि पैदा करने के लिए उन्हें खेल के माध्यम से पढ़ाने की पहल शुरू की है। इसके लिए जिले से तीन शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ भेजा गया था। शिक्षक तीन दिनों के प्रशिक्षण के बाद वापस लौटे हैं। प्रशिक्षण लेकर वापस आए जिला व्यायाम शिक्षक इंद्रेश पांडेय ने बताया कि उनके साथ डायट के आद्या प्रसाद और बालगोविंद राय ने प्रशिक्षण लिया है। स्कूलों पर जाकर बच्चों के साथ खेलते हुए उन्हें विषयों का ज्ञान कराया जाएगा। किसी खेल को खेला जाएगा जिसमें गणित, अंग्रेजी और विज्ञान की जानकारी रहेगी। खेल के माध्यम से ही बच्चों को इसके बारे में बता दिया जाएगा कि अंग्रेजीे और विज्ञान में कौन-कौन से शब्द होते हैं। उन्होेंने बताया कि इसके लिए शासन विद्यालयों को धन भी आवंटित करेगा। प्राइमरी विद्यालयों में 200 से अधिक छात्र संख्या पर सात हजार रुपये, 200 से कम संख्या पर पांच हजार रुपये, जूनियर में 200 से कम पर सात हजार रुपये और 200 से अधिक पर नौ हजार रुपये हर साल दिए जाएंगे।