तामेश्वरनाथ शिव मंदिर पर जल चढ़ाने के लिए पहुंचे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
हरिहरपुर। श्रावण मास के पहले दिन शनिवार को जिलेभर के शिवालय हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठे। भगवान शिव को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भोलेनाथ को आक, धतूरा, बेल पत्र, शहद और दूध चढ़ाकर भक्तों ने मनोकामना की। वहीं चंद्र ग्रहण होने के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी।
लोगों ने चंद्र ग्रहण के मोक्ष होने पर सुबह चार बजे से ही स्नान-ध्यान कर शिव जी का पूजन-अर्चन किया। तामेश्वरनाथ धाम में शनिवार सुबह से ही भक्तों ने शिव को जलाभिषेक किया। इसके साथ ही मंदिर परिसर में लगे मेले में खरीदारी भी की। तामेश्वरनाथ के प्रधान व मेला व्यवस्थापक नरेंद्रनाथ भारती ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं तामेश्वरनाथ धाम में शुद्ध पेयजल के लिए नगर पालिका परिषद खलीलाबाद से पानी का टैंकर, मोबाइल और शौचालय की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। मेला परिसर में प्रकाश के लिए सोलर लाइट सहित जनरेटर की भी व्यवस्था की गई है। बिजली निगम के अधिकारियों से मेला परिसर में चौबीस घंटे निर्बाध बिजली की सप्लाई के लिए भी लिखित रूप से निवेदन किया है। उन्होंने बताया कि धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ सोमवार से होगी, क्योंकि क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से कांवरियों का समूह सरयू से जल लेकर धाम में पहुंचेगा। सोमवार को होने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। शनिवार को सीओ रमेश कुमार ने मेले की सुरक्षा का जायजा लिया। परिसर की सुरक्षा के लिए पीएसी व पुलिस को तैनात किया गया है।
हरिहरपुर। सावन महीने के पहले दिन क्षेत्र के नगर पंचायत हरिहरपुर स्थित सिद्धेश्वरनाथ मंदिर, निबिअहवा पोखरा मंदिर व बेल्डुहा में स्थित शिवालयों पर भी श्रद्धालुओं ने शिव की पूजा-अर्चना की। सेवानिवृत्त शिक्षक रामभरोसे पांडेय ने बताया कि सावन महीने में शिव की आराधना से मन वांछित फलों की प्राप्ति होती है।
सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा मेला परिसर
हरिहरपुर। सावन महीने के पहले सोमवार को तामेश्वरनाथ में शिवभक्तों की भारी भीड़ होने की वजह से मेला परिसर व मंदिर की निगरानी सीसीटीवी के जरिए की जाएगी। ग्राम प्रधान नरेंद्रनाथ ने बताया कि मंदिर परिसर में क्लोज सर्किट टीवी लगाने का कार्य रविवार शाम तक पूरा कर लिया जाएगा।
ग्राम प्रधान ने कराई धंसी सड़क की मरम्मत
हरिहरपुर। तामेश्वरनाथ मंदिर के समीप स्थित चौराहे की सड़क टूटकर धंस जाने की वजह से आए दिन गाड़ियां फंस जा रही हैं। इसी चौराहे से होकर मगहर, मैंसिर, मोलनापुर और गिरधरपुर आदि जगहों से श्रद्धालु मंदिर आते हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि चौराहे की धंसी सड़क से होकर गुजरने वाले चार पहिया वाहन फंस जा रहे हैं। सड़क की मरम्मत के लिए विभागीय अधिकारियों को भी लिखित रूप से सूचित किया जा चुका है। मंदिर परिसर में पहुंचने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सड़क के गड्ढों को भरवाना जरूरी हो गया था।