संतकबीरनगर। सूबे के कस्तूरबा विद्यालयों में अंग्रेजी के पठन-पाठन का स्तर सुधारने के लिए प्रदेश सरकार के साथ हुए करार के तहत ब्रिटिश काउंसिल के प्रतिनिधि बृहस्पतिवार को जिले में पहुंचे। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बघौली और खलीलाबाद में जाकर अंग्रेजी की पढ़ाई, छात्राओं के ज्ञान के स्तर और संसाधनों आदि का जायजा लिया।
दिल्ली से आए ब्रिटिश काउंसिल के प्रतिनिधि कुणाल शर्मा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय खलीलाबद पहुंचे। यहां उन्होंने शिक्षकों और वार्डेन से विद्यालय की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अंग्रेजी की शिक्षिका सुमन सिंह से एक प्रोफार्मा भी भरवाया। इसके बाद शिक्षिका से अंग्रेजी पढ़ाने के लिए कहा। इस दौरान प्रतिनिधि ने कक्षा में बैठकर शिक्षिका और छात्राओं दोनों के ही अंग्रेजी के ज्ञान को परखा। इसके बाद विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों की भी जानकारी ली और स्कूल के कमरों की स्थिति, छात्राओं को बैठने के लिए बेंच और कुर्सी, किताबों की स्थिति, खाने की व्यवस्था आदि को भी देखा।
कुणाल शर्मा ने बताया कि कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं के अंग्रेजी को बेहतर बनाने के लिए यह सारी जानकारी ली जा रही है। इसकी रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। इसके पश्चात विद्यालय के शिक्षकों के अंग्रेजी ज्ञान को बेहतर बनाने के लिए मास्टर ट्रेनर के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने कस्तूरबा विद्यालय बघौली का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिला समन्वयक बालिका शिक्षा रजनीश वैद्यनाथ, वार्डेन प्रतिभा सिंह, लेखाकार अजय कुमार तिवारी, अर्चना श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे। बताया कि उन्हेें संतकबीरनगर के अलावा आजमगढ़, गोरखपुर और अंबेडकरनगर के कस्तूरबा विद्यालयों की रिपोर्ट भेजने का जिम्मा दिया गया है।