सांथा। एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को सांथा ब्लॉक सभागार में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। निर्धारित समयावधि तक 328 मतदाताओं में से 291 ने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में मुख्य मुकाबला समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी और भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के बीच माना जा रहा है, जबकि अजय सिंह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। त्रिकोणीय मुकाबले के इस चुनाव में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद दिखा। ब्लॉक परिसर में सुबह से ही बेलहर एसओ सर्वेश कुमार अपनी पूरी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाले नजर आए। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। मतदान के दौरान ब्लॉक परिसर में राजनीतिक सरगर्मी तेज रही।
चुनाव प्रक्रिया का जायजा लेने और अपने समर्थकों का उत्साह बढ़ाने के लिए सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, सपा के वरिष्ठ नेता अनवारूलहक, हरिश्चंद्र चौधरी, मोनू पांडेय, देवेंद्र यादव, मुकेश यादव वहीं दूसरी तरफ मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी, अरविंद जायसवाल, प्रधानाचार्य राकेश कुमार चौधरी मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा, प्रशासनिक स्तर पर कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसडीएम क्षिप्रा पाल ने निरीक्षण किया।