संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय और एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में वृहद रोजगार मेले और कॅरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेले में करीब 867 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 412 का प्रारंभिक चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने कहा कि भारत विश्व के सबसे युवा देशों में शामिल है और युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत है। केवल शैक्षणिक डिग्री से रोजगार सुनिश्चित नहीं होता। इसके लिए विषयगत ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल, तकनीकी दक्षता, संवाद क्षमता, अनुशासन और निर्णय लेने की क्षमता भी जरूरी है।
शैक्षिक महासंघ के संरक्षक प्रो. विजय राय ने कहा कि प्रतिस्पर्धा, तकनीकी विकास और वैश्वीकरण के दौर में युवाओं के सामने रोजगार के अनेक अवसर हैं। जरूरत है कि वे अपनी क्षमता के अनुरूप अवसरों को पहचानें और खुद को तैयार करें।
महाविद्यालय के प्लेसमेंट संयोजक डॉ. विजय कुमार मिश्र ने कहा कि युवाओं को नौकरी पाने के साथ ही उद्यमशीलता और रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। स्टार्टअप, डिजिटल तकनीक, स्वरोजगार, कृषि आधारित उद्योग और सेवा क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय प्रकाश त्रिपाठी ने किया। जिला सेवायोजन अधिकारी माधवी उपाध्याय ने आभार जताया। इस दौरान डॉ. नेहा सिंह, डॉ. दीप्शी सिंह, डॉ. श्रवण गुप्ता और विंदेश्वर सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।