सीएचसी सांथा में अभिलेखों का निरीक्षण करते सीएमओ।
- फोटो : अमर उजाला
बेलहर/सांथा। सीएमओ डॉ. अभय चंद्र श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को सांथा सीएचसी का निरीक्षण किया। बिना सूचना के प्रभारी अधीक्षक समेत आठ कर्मचारी गैरहाजिर मिले। संतोष जनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। अमर उजाला ने 23 मई के अंक में ‘समय से नहीं पहुंचे डॉक्टर, मरीज हलकान’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेकर सीएमओ ने सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी अधीक्षक समेत आठ कर्मचारियों से जवाब मांगा।
सीएमओ 10 बजे के करीब अचानक सीएचसी लोहरसन सांथा पहुंचे। उन्होंने उपस्थिति पंजिका देखी तो प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमर हसमत अंसारी, डॉ. पीके चौधरी, डॉ. आलोक विश्वकर्मा, डॉ एसके सिंह, फार्मासिस्ट डीके शुक्ला अनुपस्थित मिले। उन्होंने अनुपस्थित कर्मियों को रजिस्टर पर गैरहाजिर कर दिया।
सीएमओ ने ड्यूटी से नदारद मिले संविदा चिकित्सक डॉ. आशुतोष, डॉ. सेराज अहमद, डॉ. पुष्पा लाल मौर्या को भी गैर हाजिर कर दिया। सीएमओ ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को देखकर नाराजगी जताई। कहा कि कोई भी डॉक्टर यदि छुट्टी पर जाना चाहता है तो उन्हें इसकी सूचना मिलनी चाहिए।
बगैर सूचित किए गायब रहने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संविदा कर्मियों को चेतावनी दी कि अस्पताल में आने वाले मरीजों का इलाज ही प्राथमिकता है। मरीजों की देखभाल, उनकी उचित जांच व समुचित दवा दी जानी चाहिए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया।