73 हजार विद्यार्थियों को ड्रेस के लिए करना होगा इंतजार
- आधार कार्ड की फीडिंग न होने से दिक्कत, 90 हजार को ही मिल पाई है रकम
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के 73 हजार छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड की फीडिंग नहीं हो सकी है। इस वजह से उनके अभिभावकों खाते में अब तक ड्रेस, जूता व मोजा की रकम नहीं भेजी जा सकी है। बीएसए ने जल्द से जल्द सभी विद्यार्थियों के आधार कार्ड की फीडिंग कराए जाने के निर्देश दिए हैं। पहले चरण में एक लाख 63 हजार विद्यार्थियों में से 90 हजार विद्यार्थियों के अभिभावकों के खाते में डीबीटी की रकम भेजी जा सकी है।
डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खाते में जूता, मोजा व ड्रेस की खरीदारी के लिए 1,200 रुपये भेजे जाने हैं। जिले में 1,247 परिषदीय विद्यालय हैं। जिसमें एक लाख 63 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। पहले चरण में 90 हजार छात्रों के अभिभावकों के खाते में रकम एक अगस्त को भेजी गई थी। उसके बाद 73 हजार छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड की फीडिंग डीबीटी से न होने के वजह उनको रकम नहीं मिल पाई।
विद्यार्थियों के आधार कार्ड की फीडिंग का कार्य बीआरसी पर चल रहा है, फिर भी इस काम में तेजी न होने की वजह से छात्र-छात्राओं को रकम के लिए इंतजार करना पड़ेगा। छात्र-छात्राएं अभी भी बिना ड्रेस व जूता मोजा के विद्यालय आ रहे हैं।
बीएसए अतुल कुमार तिवारी ने बताया कि डीबीटी योजना के तहत छात्रों के आधार कार्ड की फीडिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। पांच सितंबर तक उनके अभिभावकों के खाते में रकम पहुंच जाएगी।