परिषदीय स्कूलों को मिलेंगे 69 नए सहायक अध्यापक
- मेरिट सूची आने के बाद शुरू होगी काउंसिलिंग, दिया जाएगा नियुक्ति पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत जिले को 69 नए सहायक अध्यापक मिलेंगे। चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची अभी बीएसए कार्यालय पर नहीं पहुंची है। सूची आने पर काउंसिलिंग करके अभ्यर्थियों को सहायक अध्यापक का नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा।
करीब दो साल पूर्व 69 हजार सहायक अध्यापक की भर्ती निकाली गई थी। उस समय जिले में आठ सौ पद सहायक अध्यापक के थे। उस पर भर्ती हुई थी। उसके बाद भी सीटें रिक्त रह गई थी। शनिवार को बेसिक शिक्षा परिषद ने बचे हुए रिक्त सीटों पर मेरिट सूची जारी कर दी। जिसमें संतकबीरनगर जिले को 69 सहायक अध्यापक मिलेंगे। इसमें 25 महिला सहायक अध्यापक और 44 पुरुष सहायक अध्यापक शामिल हैं। इन शिक्षकों की काउंसिलिंग 28 और 29 जून को कराने का निर्देश दिया गया है। बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली है, लेकिन अभी तक विभागीय वेबसाइट पर शिक्षकों की मेरिट सूची नहीं आई है। जब तक मेरिट सूची नहीं आ जाती है तब तक कुछ कहा नहीं जा सकता है। सूची आने के बाद ही काउंसिलिंग की तिथि निर्धारित की जाएगी। काउंसिलिंग के बाद अभ्यर्थियों को सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा।