संतकबीरनगर। जिले में गेहूं खरीद शुरू हो गई है। दो दिनों में 14 किसानों से 68 एमटी गेहूं की खरीद हुई है। जिले के नोडल अफसर रविशंकर मिश्र ने बुधवार को क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों से वार्ता की और उनकी समस्याओं को जाना।
जिले में गेहूं खरीद के लिए शासन स्तर से कुल 24 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया है। कुल 48 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। 17 मार्च से गेहूं की खरीद के लिए क्रय केंद्र खोला गया था, लेकिन जिले में गेहूं की कटाई न होने से खरीद नहीं हो पा रही थी। इधर विपणन विभाग किसानों से लगातार संपर्क कर गेहूं खरीद के लिए प्रोत्साहित कर रहा था। मंगलवार को आठ किसानों से 62 मीट्रिक टन और बुधवार को छह किसानों से छह मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई।
नोडल अधिकारी रविशंकर मिश्र ने नवीन मंडी स्थित क्रय केंद्र, डीघा स्थित पीसीएफ क्रय केंद्र और बिसौवा स्थित पीसीएफ क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां पर गेहूं खरीद का हाल जाना।
उन्होंने कहाकि क्रय केंद्रों पानी और बैठने का इंतजाम होना चाहिए। किसानों से संपर्क बढ़ाया जाए और लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं की खरीद की जाए। इस दौरान जिला विपणन अधिकारी कमलेश सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।