वकील की हत्या के विरोध में प्रदर्शन
सात सूत्री मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाने की मांग
फोटो है
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। बस्ती शहर में एक अधिवक्ता की हत्या से नाराज जिले के वकीलों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने प्रशासन को सीएम के नाम संबोधित सात सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपकर इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
बस्ती जिले में बृहस्पतिवार को दीवानी कचहरी में अधिवक्ता जगनारायण यादव की हत्या कर दी गई थी। इसी के विरोध में शुक्रवार को सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित अन्य अधिवक्ता जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के गेट पर इकट्ठा हुए। वहां से कलेक्ट्रेट पहुंच कर प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष महीप बहादुर पाल ने कहा कि अधिवक्ता के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। प्रत्येक जनपद न्यायालय में अधिवक्ता चैंबर्स के पास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। अधिवक्ता जगनारायण यादव के हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन की जाए और हत्या की जांच स्पेशल टीम से कराई जाए। राज्य सरकार की ओर से जिले स्तर पर प्रत्येक जिलाधिकारी के विवेकाधीन निधि से ऐसी अप्रिय घटना पर तत्काल सहायता देने के लिए संबंधित जिलाधिकारी को निर्देश एवं तत्संबंधी कोष की स्थापना कीजाए। इस दौरान सीएम के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया। इस दौरान महामंत्री चतुरजी शुक्ल, अशोक कुमार पांडेय, अजय कुमार सिंह, योगेंद्र यादव, आनंदवीर मिश्र, वीरेंद्र कुमार पांडेय, विजय अमृत राज, गिरधारीलाल राव, अशोक कुमार, महेंद्र कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे।