सब्जियों के छिलके से बनेगी खाद
फोटो
नगर पालिका की ईओ बीना सिंह ने कस्तूरबा विद्यालय का निरीक्षण कर देखी व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय खलीलाबाद में सब्जियों के निकलने वाले छिलके अब फेंके नहीं जाएंगे। इनका उपयोग खाद बनाने में किया जाएगा। नगर पालिका की अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह ने सोमवार को विद्यालय में शिक्षकों को इसके प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यालय में जल्द ही कूड़ादान देने की बात कही।
ईओ बीना सिंह ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राएं रहती हैं। यहां पर सुबह-शाम दोनों समय भोजन बनता है। ऐसे में सब्जियों के छिलके ज्यादा निकलते हैं। उन्होंने वार्डेन से छिलको को फेंकने के बजाए इकट्ठा करने की बात कही। कहा कि छिलकों को इकट्ठा कर उसे सड़ाया जाएगा और खाद बनाया जाएगा। खाद को फूल और पौधों में प्रयोग किया जाएगा। वार्डेन प्रतिभा सिंह ने विद्यालय के जर्जर शौचालय के मरम्मत की मांग उठाई तो ईओ ने जल्द ही एक नया शौचालय बनवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान सुमन सिंह, अर्चना श्रीवास्तव, गीता सिंह, अजीत तिवारी, नीलिमा मिश्र, सुभद्रा सिंह समेत अन्य मौजूद रहीं।