हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए होगा ऑनलाइन आवेदन
आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र के आवेदन लंबित होने पर जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदक को अब ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यह जानकारी देते हुए डीएम भूपेंद्र एस. चौधरी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे सीधे आवेदन पत्र लेना बंद करें। ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने पर उस पर ऑनलाइन रिपोर्ट देनी होगी। इसके लिए 100 रुपये शुल्क देना होगा।
डीएम ने बताया कि लाउडस्पीकर लगाने की अनुमति भी ऑनलाइन दी जाएगी। शासनादेश का सभी कड़ाई से पालन करें। आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी करने की समीक्षा में उन्होंने पाया कि क्रमश: 1260, 1121 तथा 494 आवेदन पत्र एक माह की अधिक अवधि से लंबित हैं, जबकि इसे 20 दिन में जारी हो जाना चाहिए। डीएम ने इस पर नाराजगी व्यक्त किया तथा एक सप्ताह में लंबित आवेदन पत्रों का निस्तारण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र, कृटुम्ब रजिस्टर की नकल एवं वृद्धावस्था पेंशन के प्रकरणों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। एंटी भू-माफिया अभियान की समीक्षा में उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों की भूमि से अमिक्रमण हट गया है वे इस आशय का प्रमाण पत्र दें। साथ ही वे इसे पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कर-करेत्तर प्राप्तियों की समीक्षा की। लक्ष्य से पीछे चल रहे विभागों वन, आबकारी एवं भू-राजस्व अधिकारियों को उन्होंने प्रवर्तन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि अगले माह 53 प्रतिशत का लक्ष्य अवश्य पूरा करें। उन्होंने राजस्व कार्यों, वादों का निस्तारण एवं अन्य कार्यों की समीक्षा की। कहा कि सीएम पोर्टल, ऑनलाइन आवेदन तथा सभी प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय से कराएं। ऑडिट आपत्तियों, विभागीय कार्रवाई, भूमि अधिग्रहण, ऑनलाइन खतौनियों का विवरण आदि की भी समीक्षा की। बैठक में एडीएम रणविजय सिंह,एएसपी आसित श्रीवास्तव, एसडीएम एसपी सिंह, बाबूराम, जसधीर सिंह, राजनारायण त्रिपाठी, सुशील पांडेय मौजूद रहे।