रूट डायवर्जन के कारण मेंहदावल बाईपास पर सवारी का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। कांवड़ यात्रा की व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन की तरफ से फोरलेन पर किए गए रूट डायवर्जन से हाईवे के राहगीरों को पहले दिन सोमवार को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने सोमवार सुबह से लखनऊ की तरफ जाने वाली गाड़ियों को को परिवर्तित रूट से भेजा। खलीलाबाद से बस्ती होकर लखनऊ जाने वाले बड़े वाहन जगह-जगह रोक दिए गए हैं। रोडवेज की बसें इस मार्ग पर नहीं चल रही हैं। यह व्यवस्था नौ अगस्त की रात तक जारी रहेगी।
खलीलाबाद के मेंहदावल बाईपास पर बैरियर लगाकर बस्ती की ओर जाने वाले वाहन रोके गए हैं। गोरखपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को मगहर दुर्गा मंदिर के पास से परिवर्तित रास्ते पर भेजा जा रहा है। ये वाहन घघसरा, बखिरा, बांसी, सिद्धार्थनगर, डुमरियागंज, उतरौला होते हुए लखनऊ जाएंगे। धनघटा की ओर से आने वाले वाहन भी खलीलाबाद मेंहदावल बाईपास से बखिरा, नंदौर होते हुए भेजे जा रहे हैं। खलीलाबाद कस्बे में मेंहदावल बाईपास पर बैरियर लगाया गया है। सीओ सदर रमेश कुमार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। सोमवार को रोडवेज की बसें भी बस्ती की ओर नहीं जाने पाई। इसके कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग घंटों वाहन के इंतजार में खड़े रहे। जिन्हें जरूरी था वह तो छोटे वाहनों के जरिए किसी प्रकार गए, लेकिन तमाम ऐसे लोग भी रहे जिन्होंने यात्रा टाल दी। खलीलाबाद में बस का इंतजार करते मिले राकेश कुमार ने कहा कि काफी देर से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बसें नहीं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अब घर वापस जाने के शिवा कोई अन्य विकल्प नहीं है।
रेलवे स्टेशन पर बढ़ी यात्रियों की भीड़
संतकबीरनगर। हाईवे पर रूट डायवर्जन के चलते रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ गई है। लोग लखनऊ की ओर जाने के लिए ट्रेनों का इंतजार करते दिखे। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर मिले डॉ. मुबारक अली ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से लखनऊ जाना है, लेकिन रूट डायवर्जन के कारण बसें सीधे नहीं जा रही हैं। ऐसे में ट्रेन ही एक मात्र सहारा है। शिवेंद्र कुमार, दिनेश कुमार ने कहा कि बसों के बस्ती रूट पर न चलने के कारण ट्रेन से यात्रा करेंगे, इसलिए रेलवे स्टेशन पर आए हैं।