संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर शनिवार को छात्र नेताओं ने प्राचार्य को दो घंटे तक उनके कमरे से बाहर नहीं निकलने दिया। सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे कोतवाल ने छात्र नेताओं केे समझाया और प्राचार्य से वार्ता कराई, जिसके बाद छात्र नेता माने और हंगामा समाप्त किए।
छात्र नेता अर्पित पांडेय, निधि तिवारी, आदित्य यादव, सूरज त्रिपाठी, विवेक सिंह श्रीनेत्र, सचिन यादव, सुरेश यादव आदि के साथ भारी संख्या में छात्र कॉलेज के प्राचार्य के कमरे के बाहर हंगामा करने लगे। कमरे से प्राचार्य ने निकलने की कोशिश की तो बाहर नहीं निकलने दिया। हंगामा कर रहे छात्र नेताओं ने कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित नहीं कर रहा है। वह चुनाव नहीं कराना चाहता है। यह छात्रों के अधिकार कर हनन है। छात्र नेता अर्पित पांडेय और निधि तिवारी ने कहा कि जब तक प्राचार्य चुनाव की तिथि घोषित नहीं करते हैं, तब तक उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया जाएगा। हंगामे की सूचना पर गोला चौकी इंचार्ज भाग्यवती पांडेय पहुंच गई और छात्र नेताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। कुछ देर बाद कोतवाल राकेश सिंह यादव फोर्स के साथ पहुंच गए और छात्र नेताओं को प्राचार्य कक्ष के सामने से हटने को कहा। काफी समझाने बुझाने के बाद छात्र नेता माने और प्राचार्य कक्ष के सामने से हटे। कैंपस में उन्होंने छात्र नेताओं को समझाया। इस दौरान प्राचार्य डॉक्टर अजय कुुमार पांडेय भी पहुंच गए। उन्होंने कहा कि लिंगदोह समिति के अनुसार चुनाव की जल्द ही तिथि निर्धारित कर दी जाएगी। प्राचार्य के आश्वासन पर छात्र नेता वहा से हटे। इस दौरान परिसर में काफी गहमा गहमी का माहौल रहा।