26 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- फोटो : अमर उजाला
ख्ालीलाबाद काेतवाली क्षेत्र के धौरहरा में रविवार रात बारात में भोजन करने के बाद 50 से अधिक लोग फूड प्वॉइजनिंग के शिकार हो गए। गांव वालों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से पीड़ित 26 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
धौरहरा गांव निवासी सलीम की पुत्री की रविवार को शादी थी। दोपहर में ही बाराती खाना खाने के बाद चले गए, लेकिन बाद में घराती पक्ष के लोगों ने भी खाना खाया और देर शाम से ही कुछ लोगों को उल्टी दस्त होनी लगी। गांव के लोगों ने रात करीब 11 बजे गंभीर रूप से बीमार 26 मरीजों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। फूड प्वॉइजनिंग से काफी लोगों के बीमार होकर अस्पताल पहुंचने की खबर पर जिला संक्रामक रोग नियंत्रण अधिकारी डॉक्टर आलोक सिन्हा एवं सीएमएस डॉक्टर गिरीश चंद्र श्रीवास्तव स्वास्थ्य टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर संजय कुमार, फार्मासिस्ट जोखन राय के साथ मरीजों के उपचार और आवश्यक व्यवस्था में जुट गए।
सीएमएस ने बताया कि पूछताछ में मरीजों ने बताया कि उन्होंने बारात में गोश्त, पुलाव और रोटी खाए था। आशंका है कि मांसाहारी भोजन काफी देर पहले बना रहा होगा। इससे लोगों की तबीयत बिगड़ गई। फूड प्वॉइजनिंग की शिकार होकर सायरा बानो(25) पत्नी गुलाम नबी, आफताब अहमद (15) पुत्र अब्बास अली, मैनुद्दीन (17) पुत्र कलामुद्दीन, मोहम्मद मुनीर (26) पुत्र अब्दुल्लाह, अब्बास अली पुत्र (56) स्व. हनीफ, शौकत अली (50) पुत्र अजीमुल्लाह, जाहिदा (45) पत्नी मुस्ताक, मोहम्मद हासिम (10) पुत्र अलाउद्दीन, तालिब (11) पुत्र मोहम्मद जब्बार अली, नौसाद अहमद (12)पुत्र रमजान अली आदि भर्ती हुए। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे तक सभी मरीजों को छुट्टी दे गई और वह अपने घर चले गए।