गोरखपुर-बस्ती मंडल में 499 अपात्र ले रहे पेंशन
दोनों मंडलों में 6,42,032 लोगों को मिल रहा वृद्धा पेंशन योजना का लाभ
सत्यापन में 38,724 लोग पाए गए मृतक
प्रदेश में पांच जनपद सत्यापन में पिछड़े
संतकबीरनगर। गोरखपुर-बस्ती मंडल में 499 अपात्र वृद्धा पेंशन योजना का लाभ ले रहे हैं। जबकि 38,724 मृतकों को भी पेंशन दी जा रही है। सिर्फ अपात्र ही एक साल में 29,94,000 रुपये का लाभ ले चुके हैं। यह बात सत्यापन में उभर कर सामने आई है। विभाग की ओर से अपात्रों से पेंशन की रकम की वसूली और मृतकों की पेंशन बंद कराए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
गोरखपुर-बस्ती मंडल के सात जिलों में 6,42,032 लोगों को वृद्धा पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसमें संतकबीरनगर में 68,406, बस्ती में 1,06,424, सिद्धार्थनगर में 74,937, गोरखपुर में 1,13,053, देवरिया में 68,931, कुशीनगर में 1,26,320 और महराजगंज में 83,959 लोग पेंशन योजना का लाभ उठा रहे हैं। शासन ने पेंशनरों की पात्रता का सत्यापन कराया है। इस जुलाई तक सत्यापन कार्य पूरा कर लेना था, लेकिन पांच जिले श्रावस्ती, शामली, रामपुर, अलीगढ़ और बिजनौर शत-प्रतिशत सत्यापन कार्य पूर्ण नहीं कर पाए हैं। गोरखपुर-बस्ती मंडल में सत्यापन कार्य पूर्ण हो गया। सत्यापन रिपोर्ट के मुताबिक संतकबीरनगर जिले में 11 अपात्र और 2172 लोग मृतक पाए गए हैं। जबकि बस्ती में 54 लोग अपात्र और 5323 लोग मृतक पाए गए। सिद्धार्थनगर जिले में 31 लोग अपात्र और 2973 लोग मृतक पाए गए हैं। जबकि गोरखपुर में 326 अपात्र और 9407 लोग मृतक मिले हैं। देवरिया में 23 अपात्र और 4052 लोग मृतक पाए गए हैं। कुशीनगर में 37 लोग अपात्र और 9240 लोग मृतक मिले हैं। जबकि महराजगंज जिले में 17 लोग अपात्र और 5537 लोग मृतक पाए गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि अपात्र होने की जो वजहें हैं उसमें कई लाभार्थी पति-पत्नी दोनों पेंशन का लाभ उठा रहे थे। किसी का बेटा नौकरी में आ गया है। एक-दो ऐसी भी महिलाएं मिली हैं जो विधवा और वृद्धा दोनों पेंशन योजना का लाभ उठा रही हैं। अपात्रों से पेंशन की रकम की वसूली कराई जाएगी। जबकि मृतकों की पेंशन बंद कराई जाएगी। सीडीओ अतुल मिश्र ने बताया कि प्रत्येक वर्ष पेंशन का सत्यापन कराया जाता है। सत्यापन में जो अपात्र पाए गए हैं, उनसे हर हाल में पेंशन की रकम की वसूली कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि मृतकों की पेंशन तत्काल बंद कराए जाने के निर्देश दिए हैं। मृत्यु होने के पश्चात यदि पेंशन की रकम गई है तो उसकी भी रिकवरी कराई जाएगी। सत्यापन कार्य पूर्ण हो गया है। उम्मीद है कि जुलाई में ही पात्र पेंशनरों को अगली तीन महीने की किस्त 1500 रुपये की दर से उनके खाते में जल्द ही भेजी जाएगी।