कृषि अनुदान के लिए कराना होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
जनपद स्तरीय कृषक जागरूकता व रबी गोष्ठी का आयोजन
जिले में दूध का उत्पादन मात्र सवा दो लाख लीटर
किसानों ने फसल बीमा का लाभ नहीं मिलने का मामला उठाया
फोटो सहित
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जनपद स्तरीय कृषक जागरूकता व रबी गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें किसानों को रबी अभियान के बारे में जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि बीज, खाद, कीटनाशक, यंत्र सभी अनुदान पर उपलब्ध है। इसके लिए सभी किसानों को अपना आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के बाद ही कृषि, उद्यान, गन्ना, सहकारिता, मण्डी समिति की योजना का लाभ मिल सकेगा।
जिला उद्यान अधिकारी संतोष दूबे ने बताया कि 2480 रुपये प्रति क्विंटल के दर पर आलू का बीज उपलब्ध है। गन्ना अधिकारी मधुकर ने बताया कि जिले में गन्ना मूल्य भुगतान 92 प्रतिशत हो गया है। गन्ना किसानों को 80 एवं 90 प्रतिशत अनुदान पर ड्रिप सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है। मंडी समिति के सचिव अमित गुप्ता ने खलिहान दुर्घटना बीमा योजना, खलिहान अग्निकांड योजना में किसानों को दिए जाने वाले लाभ की जानकारी दी। न्यू इश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक ने फसल बीमा योजना की जानकारी दी। इस पर किसानों ने बीमा की राशि खाते से कटने के बावजूद लाभ नहीं मिलने का मामला उठाया। बीमा कंपनी के अफसर ने नुकसान की सूचना देने एवं जांच के बाद ही लाभ मिलने की जानकारी दी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. टीपी मिश्र ने कहा कि दुधारू पशु के पालन से किसान अपना तथा खेत का स्वास्थ्य ठीक रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले की जनसंख्या 17 लाख से अधिक है और दूध का उत्पादन मात्र सवा दो लाख लीटर है। मत्स्य पालन अधिकारी बीपी सिंह ने बताया कि आय दोगुना करने के लिए मत्स्य पालन करें। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि धान खरीद एक नवंबर से शुरू होगा। किसान ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा लें। क्रय केंद्र पर टोकन प्राप्त कर लें। एसडीएम से सत्यापन कराने के पश्चात धान खरीद की जाएगी। सामान्य प्रजाति के धान पर 1750 रूपये प्रति क्विंटल तथा 20 रूपये अतिरिक्त उतराई एवं सफाई के लिए दिया जाएगा। इफको के राजेश मौर्य ने बताया कि खेत में अवशेष न जलाएं इससे खेत बंजर हो जाएगा। अवशेष समाप्त करने के लिए पीएसपी एवं एनपीके कल्चर का प्रयोग करें। जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने बताया कि खाद, बीज, कीटनाशक की पर्याप्त उपलब्धता है। गोष्ठी का संचालन सहायक अभियंता लघु सिंचाई श्याम सुंदर तिवारी ने किया। गोष्ठी को उप निदेशक कृषि लोकेश सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत संजय सिंह, प्रगतिशील किसान सुरेंद्र राव आदि ने संबोधित किया।