----------
मेन :
सूबे के 1500 कोटेदारों व अफसरों पर होगी एफआईआर
प्वाइंटर
- प्रदेश के खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अतुल गर्ग बोले
- तीन माह के अंदर पीओएस मशीन से होगा खाद्यान्न का वितरण
- विभिन्न जिलों में 20 करोड़ का खाद्यान्न घोटाला सामने आया
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद, नागरिक आपूर्ति, किराया नियंत्रण, उपभोक्ता संरक्षण, बाट माप, खाद्य सुरक्षा औषधि राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने कहा है कि गरीबों के खाद्यान्न में घोटाला करने वाले कोटेदार एवं अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कर उन्हें दंडित किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न जिलों में खाद्यान्न घोटाले में लगभग 1500 कोटेदारों एवं अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित है।
पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में सोमवार को विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि अधिकारी ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। गरीब जनता को खाद्यान्न आसानी से मिल सके इसके लिए प्रयास करें। नियमित रूप से दुकानों की जांच जारी रखें। सुनिश्चित करें कि दुकानें समय से खुलें और समय से लोगों में खाद्यान्न वितरण हो। उन्होंने कहा कि आगामी तीन महीनों में प्रदेश के सभी कोटेदारों को पीओएस मशीन से खाद्यान्न वितरण करना होगा। लगभग 65 हजार कोटेदारों को यह मशीन उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में इसका उपयोग केवल नगरीय क्षेत्र के कोटेदारों द्वारा किया जा रहा है। पीओएस मशीन से घोटाले की गुंजाइश कम हो जाएगी।
अतुल गर्ग ने बताया कि प्रदेश में लगभग नौ हजार करोड़ रुपये का खाद्यान्न वितरित किया जाता है। विभिन्न जिलों में लगभग 20 करोड़ रुपये का खाद्यान्न घोटाला प्रकाश में आया है। सरकार ने घोटाले के ढाई महीने के अंदर ही इसका पर्दाफाश किया। कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं। शीघ्र ही इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने व्यापारियों के साथ भी बैठक की। उन्हें आश्वस्त किया कि विभाग की ओर से उनका पूरा सहयोग किया जाएगा। यदि किसी प्रकार की शिकायत मिलती है तो विभागीय अधिकारियों को भी दंडित किया जाएगा। इस दौरान सांसद शरद त्रिपाठी, सदर विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, विधायक मेेंहदावल राकेश सिंह बघेल, भाजपा के जिलाध्यक्ष राम ललित चौधरी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। खलीलाबाद में बैठक के बाद मंत्री अतुल गर्ग गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।