- 28 जनवरी से तीन फरवरी तक आयोजित होगा कबीर मगहर महोत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। 28 जनवरी से लग रहे कबीर मगहर महोत्सव की तैयारी जोरों पर है। दर्शकों के बैठने के लिए जर्मन हैंगर लग रहा है। इसमे चार हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसकी तैयारी तेज हो गई है। महोत्सव तीन फरवरी तक चलेगा।
गौरतलब है कि सद्गुरु कबीर की वाणी को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कबीर चौरा परिसर में 28 जनवरी से तीन फरवरी तक सात दिवसीय कबीर मगहर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें प्रत्येक दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही विभिन्न प्रकार की गोष्ठियों का भी आयोजन होगा। इस दौरान प्रत्येक रात्रि के कार्यक्रमों में नाम चीन हस्तियां कार्यक्रम को प्रस्तुत करेंगे। यहीं नहीं सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे और उस पर प्रचार प्रसार किया जाएगा। साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी मिलेगी।
कार्यक्रम की तैयारी में लगे आबिद हुसैन ने बताया कि मंच के सामने दर्शकों के बैठने के लिए जर्मन हैंगर लगाया जा रहा है। जिसमे लगभग 4000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसे शनिवार तक पूरी तरह तैयार कराया दिया जाएगा। इधर डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने महोत्सव की तैयारियों काे देखा। जिसमे सांस्कृतिक मंच, दर्शक दीर्घा आदि को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी को मेला परिसर में साफ सफाई पर ध्यान देने का निर्देश देने के साथ ही मेला मैदान के समतलीकारण आदि कार्यों काे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम सदर शैलेश दुबे, सीओ सदर बृजेश सिंह, तहसीलदार जनार्दन, अवधेश सिंह, भोलू पासवान, अहमद अली, मेंहदी हसन समेत अन्य मौजूद रहे।