मलौली के रामजानकी मार्ग पर गिरा विद्युत पोल।
- फोटो : अमर उजाला
आंधी के साथ बारिश होने से धनघटा इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है। वहीं सब्जियों को भी नुकसान पहुंचा है। इसके साथ छप्पर ,मकान ढह जाने से उसमें रखे भूसे के बर्बाद होने से पशुओं के लिए चारे का भी संकट खड़ा हो गया। बिजली सप्लाई बहाल करने में विभाग 48 घंटे का वक्त लगने का दावा कर रहा है। क्षेत्र के करीब 400 गांवों में अंधेरा छा गया है।
आंधी से मुखलिसपुर और कोचरी सब स्टेशन से जुड़े धनघटा इलाके के करीब 400 गांव प्रभावित हुए हैं। इसमें 400 पोल और तीन ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। धनघटा गांव की तरफ जाने वाली मेन लाइन के कई खंभे गिर गए। मुठही कला गांव के पास डबल पोल गिरने से पूरा दियारा क्षेत्र अंधेरा में डूब गया है। क्षेत्र के सकरैचा, रानीपुर, गोपालपुर, झिगुरापार, मडहा राजा, रौजा, पचरा,भोतहा, मुठही खुर्द, बरगदवा,डिहवा,बकौली कला, बैकुंठपुर आदि गांवों में भारी तबाही हुई है। एक्सईएन संजय सिंह ने बताया कि 400 से अधिक पोल और तीन ट्रांसफार्मर गिरने की रिपोर्ट मिली है। विभाग को 40 लाख से अधिक की क्षति हुई है। करीब 400 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है।
बिजली व्यवस्था बहाल करने में करीब 48 घंटे लग सकते हैं। जैसे-जैसे काम पूरा होता रहेगा, उस फीडर की आपूर्ति चालू करा दी जाएगी। आंधी व तेज बारिश से सब्जी की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। परवल, भिंडी, प्याज, मूली, टमाटर आदि की फसलें जमींदोज हो गईं है। टेम्हा गांव के रामपियारे, ग्यादीन, श्यामअवध, रामचेत मौर्य ने बताया कि आंधी के कारण सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।